वो आँखे शायद बुढापे से ज़्यादा इंतज़ार से कमज़ोर हो गयी थी
उस चेहरे पर मुस्कान आये भी तो अरसे बीत गये थे....
ऐसा लगा था कल की ही बात हो जब घर में दीपावली मनाई गयी थी
पर वो दीपावली भी आज पांच साल की हो गयी थी
टीका लगाकर जब बेटे को सरहद पर भेजा था तो गर्व से फूली नहीं समाई थी वो
आज मन ही मन कोस रही थी उस दिन को
रोज सुबह बेटे को देखने की आस से जागना और फिर यही आस लिए सो जाना
ज़िन्दगी के साथ उसकी ये जद्दोजहद जारी थी
एक दिन सपने से चीख कर उठी और दरवाज़े की तरफ भागी थी वो
बेटे को ना पाकर न जाने कितनी देर वहीँ खरी रही थी
जब होश में आई तो सामने एक बक्सा पाया था
उसमें रखी हर एक चीज़ जानी पहचानी लगी थी
और फिर बाहर निकलकर उसने हर जगह ढूँढा था
इस आस के साथ की शायद बचपन की तरह आज भी वो लुका छिपी खेल रहा हो
वापस आकर हर एक चीज़ सहेज कर अलमारी में रख दी थी
और गिर पड़ी थी दरवाज़े पर आकर
साँसे थम गयी थी, धडकनें रुक गयी थी पर आँखें खुली थी
शायद अब भी उन्हें किसी के लौटने का इंतज़ार था....